गौतम बुद्ध महाविद्यालय पचपेड़वा में छात्र-छात्राओं में टैबलेट किया गया वितरित
सेमरियावा। उत्तर प्रदेश सरकार की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत
गौतम बुद्ध महाविद्यालय पचपेड़वा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण का एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी सशक्तिकरण से जोड़कर उनकी शैक्षिक और व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ाना है।
मुख्य अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज बनौली के प्रधानाचार्य श्री अन्नय सिंह ने कहा कि यह योजना उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल युग में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। टैबलेट के माध्यम से छात्र-छात्राएं ऑनलाइन शिक्षा और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपने भविष्य को उज्जवल बना सकते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि आदर्श जनता इंटर कॉलेज पचपेड़वा के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र शुक्ला ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, कि आज का युग तकनीक का युग है, और यह टैबलेट आपके लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि ज्ञान का एक विशाल भंडार है। इसका उपयोग न केवल अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए करें, बल्कि इसे अपने कौशल विकास और भविष्य की तैयारियों के लिए भी इस्तेमाल करें। उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना हमारे युवाओं को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने आगे कहा, “हमारे कॉलेज का लक्ष्य हमेशा से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों से जोड़ना रहा है। यह टैबलेट वितरण कार्यक्रम उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मैं सभी छात्र-छात्राओं से आग्रह करता हूं कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करें।
प्राचार्य डॉ .दीपल अग्रवाल ने कहा, “यह टैबलेट आपके शैक्षिक सफर में एक नया अध्याय जोड़ेगा। इसे जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें और डिजिटल शिक्षा के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. दीपल अग्रवाल, डॉ .संजय पांडेय, डॉ. डी.के मिश्र, श्रीमती स्वेता कौशिक, जावेद असलम अंसारी ,इंद्रपाल सिंह ,मसलहुद्दीन आदि मौजूद रहे।
छात्रों में रहा उत्साह का माहौल
टैबलेट प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। एक छात्र ने कहा, “यह टैबलेट मेरे लिए एक नई शुरुआत है। अब मैं ऑनलाइन कोर्स और शैक्षिक संसाधनों का उपयोग कर अपनी पढ़ाई को और बेहतर कर सकूंगा।”
यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का लक्ष्य है।