संतकबीरनगर जिले की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ सपा नेता सुनील सिंह ने अब आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। जनता से मिली शिकायतों के प्रति खुद की जवाबदेही तय करते हुए उन्होंने विभाग के आलाधिकारियों को पत्र भेज व्यवस्था में तत्काल सुधार की अपील करते हुए ये चेतावनी भी दी है कि अगर व्यवस्था में आशातीत सुधार नहीं हुआ तो सीएमओ कार्यालय का सपाई घेराव करेंगे। दरअसल सपा नेता सुनील सिंह ने यह कदम उस वक्त उठाया है जब जिले के विभिन्न CHC और PHC केंद्रों से ये खबर आ रही थी कि गंभीर अवस्था में पहुंचने वाले मरीजों को बेवजह जिला अस्पताल रेफर कर दिया जा रहा है। सपा नेता ने अफसरों से सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा अत्यधिक रेफरल की प्रवृत्ति पर तत्काल संज्ञान लेने हेतु अपील की है।सपा नेता सुनील सिंह ने सत्यमेव टाइम्स न्यूज से बातचीत करते हुए कहा कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों से निरंतर ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों का समुचित उपचार नहीं किया जा रहा है, बल्कि सीधे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि कई चिकित्सक बिना उचित जांच, उपचार या प्रयास के सीधे रेफर पर्ची थमा देते हैं। यह न केवल चिकित्सा नैतिकता के विरुद्ध है, बल्कि सरकारी संसाधनों का भी दुरुपयोग है।उन्होंने कहा कि रेफरल के बाद अधिकतर गरीब मरीज या तो प्राइवेट अस्पतालों का रुख करने को विवश होते हैं या समय पर जिला अस्पताल तक नहीं पहुँच पाते, जिससे जान जोखिम में पड़ती है।
सपा नेता सुनील सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो, ताकि जिला अस्पतालों पर अनावश्यक भार न पड़े। किंतु फिलहाल स्थिति इसके ठीक विपरीत है। उन्होंने कहा कि रेफरल की इस प्रक्रिया ने एक ऐसी परिस्थिति उत्पन्न कर दी है, जहाँ स्वास्थ्य सेवा का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुँच पा रहा, बल्कि इसके नाम पर उनका मानसिक, आर्थिक और शारीरिक शोषण हो रहा है।