
संतकबीरनगर में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा जिले के तीनों सर्किलों में स्थापित किए गए पिंक बूथों का आज भव्य उद्घाटन हुआ। IG बस्ती रेंज दिनेश कुमार पी के साथ स्थानीय माननीयों ने हवा में गुब्बारा उड़ाकर और फीता काटकर पिंक बूथों का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उदघाटन किया। जिले के जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली में बने पिंक बूथ का उद्घाटन जहां सदर विधायक अंकुर राज तिवारी और एडिशनल एसपी सुशील कुमार सिंह ने किया वहीं मेंहदावल के बखिरा थाने में बने पिंक बूथ का स्थानीय विधायक अनिल त्रिपाठी और बीजेपी जिलाध्यक्षा श्रीमती नीतू सिंह और क्षेत्राधिकारी सर्व दवन सिंह ने फीता काट कर उद्घाटन किया जबकि धनघटा में स्थानीय विधायक गणेश चंद चौहान के साथ आईजी दिनेश कुमार पी ने संयुक्त रूप से पिंक बूथ का उद्घाटन किया। इस दौरान जिले के जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप मीना के साथ अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।
आपको बता दें कि महिला अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत इन पिंक बूथों का निर्माण कराया गया है। सरकार का यह कदम खासतौर पर उन महिलाओं के लिए उठाया गया है, जो किसी भी प्रकार की सुरक्षा चिंता या उत्पीड़न का सामना कर रही हैं। इन बूथों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि महिलाएं सहजता से अपनी समस्याएं साझा कर सकें
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करना और अपराधियों पर नजर रखना है। बूथ पर महिलाएं शिकायत दर्ज कराने, सहायता प्राप्त करने या किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में पुलिस की मदद प्राप्त कर सकती हैं। महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह पहल सराहनीय है और इससे अपराधों पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि यह महिलाओं को सुरक्षा का एहसास कराने के साथ ही अपराधियों में भय पैदा करेगा।