नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा (गोरखपुर क्षेत्र) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय राजभर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव शैलेश कुमार राजभर ने देश के यशस्वी रक्षा मंत्री माननीय राजनाथ सिंह से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान शैलेश राजभर ने राजभर समाज की अस्मिता, गौरव और अधिकारों से जुड़े कई गंभीर विषयों पर रक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
मुलाकात के दौरान शैलेश राजभर ने राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव जी के गौरवशाली इतिहास को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में उचित स्थान दिलाने के प्रयासों के लिए रक्षा मंत्री के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने लखनऊ में महाराजा सुहेलदेव की भव्य प्रतिमा की स्थापना और समाज की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर मजबूती प्रदान करने के लिए राजनाथ सिंह के योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
इस बैठक का सबसे प्रमुख बिंदु राजभर समाज सहित 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जनजाति (ST) की श्रेणी में शामिल करने की मांग रहा। शैलेश राजभर ने रक्षा मंत्री से पुरजोर आग्रह किया कि इन जातियों की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार कर उन्हें उनका जायज संवैधानिक अधिकार दिलाया जाए, ताकि समाज की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने समाज के सर्वांगीण कल्याण के लिए केंद्र सरकार के सक्रिय हस्तक्षेप की मांग करते हुए रक्षा मंत्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी समाज के हितों के प्रति सकारात्मक रुख दिखाते हुए विकास की मुख्यधारा में सबको साथ लेकर चलने का आश्वासन दिया।