सूर्या स्कूल में कोलाज प्रतियोगिता के विजेता मेधावी पुरस्कृत
संतकबीरनगर। जब हुनर को अवसर मिलता है तो प्रतिभा अपने रंग बिखेरने लगती है। कुछ ऐसा ही नजारा जिले के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में देखने को मिला, जहां आयोजित कोलाज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में विजेता मेधावियों को शील्ड, मेडल और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। बच्चों ने विद्यालय प्रबंधन और अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण और बौद्धिक विकास के लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ रचनात्मक और कलात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनके आत्मविश्वास को मजबूत करती हैं।
समारोह में वरिष्ठ शिक्षक अशोक चौबे, शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी और आशुतोष पाण्डेय सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
