संतकबीरनगर में सरकारी सिस्टम से नाराज शिकायतकर्ताओं ने जिले के नोडल अफसर के सामने ही पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के फ़ेयूसा गांव की है जहां पर नोडल अफसर जांच करने पहुंचे थे। खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश करने वाले शिकायतकर्ता बघौली ब्लॉक क्षेत्र के भड़ारी गांव के रहने वाले है। अंकित और डम्पी नाम के दोनों शिकायतकर्ताओं ने बीते दिनों गांव में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत जिम्मेदार अफसरों से करने के साथ ही जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम से भी कर रखे थे जिसपर कोई ठोस कार्यवाही ना होने से नाराज शिकायतकर्ताओं ने आज नोडल अफसर के सामने ही खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। शिकायतकर्ताओं के इस खौफनाक कदम से गांव में अफरा तफरी का माहौल रहा वहीं मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने आत्मदाह का प्रयास विफल कर बड़ी घटना होने से बचा लिया। आपको बता दें कि बघौली ब्लॉक क्षेत्र के भड़ारी गांव के रहने वाले इन दोनों शिकायतकर्ताओं ने गांव के ग्राम प्रधान, सचिव, तकनीकी सहायक और रोजगार सेवक पर मनरेगा कार्यों के मद में आए 22 लाख रुपए से ज्यादे रकम की बिना कार्य कराए ही बंदरबांट करने का आरोप लगाया था। इस मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं बीडीओ, सीडीओ , डीएम से लेकर जिले की प्रभारी मंत्री तक भी शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी जिस पर जब जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की तब युवकों ने ये खौफनाक कदम उठाया।