
संतकबीरनगर जिले के संयुक्त जिला अस्पताल में विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। अस्पताल के ओपीडी में दंत चिकित्सा विभाग के जिम्मेदारों और अन्य चिकित्सकों ने लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए सभी को ये शपथ भी दिलाई कि तंबाकू का सेवन न करे। चिकित्सकों की टीम में शामिल दंत चिकित्सक डॉक्टर ए०के० पाठक, डॉ SA खान, डॉ सुश्रेया त्रिपाठी, डेंटल सर्जन डॉ मदन चन्द चौधरी, स्किन स्पेशलिस्ट डॉ SB गौतम आदि ने लोगों को इस बात के लिए भी प्रेरित किया कि अपने घर के आसपास रहने वाले लोगों को भी इस बुरी लत से दूर रहने के लिए कहे ताकि लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके। दंत चिकित्सक डॉक्टर ए०के० पाठक ने बताया कि गुटखा के सेवन से हर साल हजारों लोग कैंसर जैसी बीमारी की चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते है।यह बीमारी मौत के साथ ही घर की जमा पूंजी भी निगल जा रही है।
डॉक्टर पाठक ने कहा कि लोग तंबाकू का सेवन उत्सुकता बस शुरू तो करते हैं पर उनकी यह उत्सकुता आगे चलकर एक लत के रूप में तब्दील हो जाती है, सिगरेट,बीड़ी, सिगार, हुक्का जैसी आदतें ऐसे शुरू होती हैं, जो आगे चलकर लत बन जाती हैं। सिगरेट का आदी बनना खतरनाक है। डेंटल सर्जन डॉ मदन चन्द चौधरी ने कहा कि सभी कैंसर में से 30 प्रतिशत तंबाकू के कारण होते हैं। लाखों लोग तंबाकू के कारण बीमारियों के शिकार होते हैं। तंबाकू और धूमपान छोड़ने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति की जरूरत होती है। आज से ही तंबाकू जनित पदार्थो बीड़ी सिगरेट को छोड़ने का संकल्प लें। वहीं डॉ SA खान, डॉ सुश्रेया त्रिपाठी ने कहा कि तंबाकू सेवन से कैंसर सहित अन्य बीमारियां भी होती है, कैंसर सहित सभी प्रकार की घातक बीमारियों से बचने के लिए लोग खुद के मनोबल, काउंसलिंग और दवाइयों की मदद से तंबाकू की आदत से मुक्त हो सकते हैं।