
संतकबीरनगर जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय में जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) प्रबंधन समिति और जेएनवी चयन परीक्षा-2026 के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए होने वाली चयन परीक्षा के संदर्भ में थी।
बैठक का शुभारंभ करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्रीकांत तिवारी ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और उपस्थित सभी अधिकारियों का औपचारिक स्वागत किया। जेएनवी के शिक्षक विनय कुमार मिश्र ने जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी शिक्षा अधिकारियों के समक्ष शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का विस्तृत विवरण बिंदुवार प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी शिक्षा अधिकारियों को पिछले वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक (6000 आवेदन) ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सोलर गीजर और मेगा आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) सिस्टम लगवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.के. तिवारी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।