उत्तरप्रदेश के जनपद बस्ती की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने के लिए जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास और संरक्षण पर गहन चर्चा हुई।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बस्ती की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को इस दिशा में समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों के प्रमुख पर्यटन स्थलों, खासकर मंदिरों के विकास के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए, जिन्हें प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री की मंशा दोहराई कि प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को पुनर्जीवित किया जाए और नई परियोजनाओं को भी शामिल किया जाए।

इस बैठक में एमएलसी प्रतिनिधि अक्रान्त यादव, विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द सोनकर, सरोज मिश्रा, मो. सलीम, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, और रामचरन चौधरी ने भी सुझाव दिए। सीडीओ सार्थक अग्रवाल सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक से बस्ती में पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।