
संतकबीरनगर: – शनिवार को तहसील धनघटा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ज्यादातर शिकायतें जमीनी विवादों से संबंधित थीं। अधिकारियों ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए।
तहसील परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से ही अपनी समस्याओं को लेकर फरियादी पहुंचने लगे थे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बारी-बारी से सभी लोगों की शिकायतें सुनीं। राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामले अधिक संख्या में सामने आए। खासकर पैमाइश, अवैध कब्जे और मेड़बंधी से जुड़े विवादों की भरमार थी।
शिकायतों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीनी विवादों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे विवादों को नजरअंदाज न किया जाए, क्योंकि यही विवाद आगे चलकर बड़े झगड़ों का कारण बनते हैं।