संत कबीर नगर जिले जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सर्वेक्षण कार्य में हो रही धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो भी कर्मचारी इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।

बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य 16 अगस्त से शुरू हुआ था, जबकि संत कबीर नगर सहित 19 जिलों में यह 24 अगस्त से शुरू हुआ। इस कार्य को 20 दिनों के भीतर पूरा किया जाना है, जिसके लिए रोजगार सेवक, पंचायत सहायक और कृषि विभाग के कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि जिले के 1293 गाँवों में से केवल 72 गाँवों में ही यह कार्य शुरू हो सका है, और यह काम केवल 58 सर्वेयर द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर चिंता जताई कि कई रोजगार सेवक और पंचायत सहायक ज्ञापन देकर काम करने से बच रहे हैं।
इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कल से सभी रोजगार सेवक और पंचायत सहायक को अनिवार्य रूप से क्षेत्र में फसल सर्वेक्षण के लिए भेजना सुनिश्चित करें। जो भी कर्मचारी काम करने में बाधा उत्पन्न करता है या काम नहीं करता है, उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ब्लॉक स्तर के सभी पर्यवेक्षीय अधिकारियों को भी इस कार्य में सहयोग के लिए फील्ड में भेजा जाए। इसके अलावा, सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया गया कि वे राजस्व कर्मियों को भी मोबाइल ऐप पर आईडी और गाटा संख्या के साथ फील्ड में भेजें, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि अब से प्रतिदिन शाम 6 बजे इस कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाती है, तो संबंधित कर्मचारी, उनके पर्यवेक्षक अधिकारी और कार्यालय अध्यक्ष के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।