खबर सार..…..दुधारा पुलिस ने सेमरियावां में होने वाली क्षेत्र पंचायत की बैठक के लिए पुलिस बल देने में असमर्थता जताई है. आगामी त्योहारों और अन्य कानून-व्यवस्था ड्यूटी को देखते हुए पुलिस ने खंड विकास अधिकारी से बैठक की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है.

संतकबीरनगर:- दुधारा पुलिस थाने ने सेमरियावां में होने वाली क्षेत्र पंचायत की बैठक के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने में असमर्थता व्यक्त की है. पुलिस ने आगामी त्योहारों और अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटी का हवाला देते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से बैठक की तारीख स्थगित करने का आग्रह किया है.
आपको बता दें कि बीडीओ सेमरियावां ने अपने पत्रांक संख्या 825/क्षे०प०/बैठक/सुरक्षा-बल/2025-26 के माध्यम से 9 सितंबर 2025 को होने वाली क्षेत्र पंचायत की बैठक के लिए शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल की मांग की थी.
इस मांग के जवाब में दुधारा थाना के थानाध्यक्ष ने एक रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले त्योहारों और अन्य आवश्यक कानून-व्यवस्था ड्यूटी को देखते हुए 9 सितंबर को पुलिस बल उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है.
थानाध्यक्ष ने बीडीओ से अनुरोध किया है कि वे बैठक को स्थगित कर दें और नई तारीख के बारे में पुलिस को सूचित करें. इस रिपोर्ट की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी खलीलाबाद, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर को भी भेजी गई है.