
संतकबीरनगर जिले में इन दिनों सेमरियावाँ ब्लॉक में राजनीतिक तनाव चरम पर है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से अपने विरोधियों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने विरोधियों पर विकास कार्यों में बाधा डालने और टेंडर प्रक्रिया को रोकने के लिए अदालत जाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। श्री अहमद ने विरोधियों को “कमीशन खोर” बताते हुए दावा किया कि उनकी आदत 27 सालों से चली आ रही लूट का परिणाम है, जिसे वह किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे।
उन्होंने अपने विरोधियों को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे यह साबित कर दें कि उन्होंने विकास के नाम पर एक भी ईंट बेची है, तो वह तत्काल अपनी माताजी को ब्लॉक प्रमुख पद से इस्तीफा दिलवा देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस लड़ाई में उन्हें अगर उच्चतम न्यायालय तक भी जाना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
श्री अहमद ने बीडीसी सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे विरोधियों के “दोहरे चरित्र” को पहचानें, जिन्होंने अपने 420 वाले हरकतों से लगभग 55 सदस्यों पर मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि विरोधी पक्ष की पत्नी पर माननीय उच्च न्यायालय ने धोखाधड़ी के लिए ₹50,000 का जुर्माना लगाया है।
मुमताज अहमद ने सभी बीडीसी सदस्यों से एकजुट होकर ब्लॉक के विकास में भागीदार बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी राजनीतिक दांव-पेंच सीख लिए हैं, जो अभी तक कुछ लोगों की “बपौती” हुआ करते थे। यह सब इशारा करता है कि सेमरियावाँ ब्लॉक में आने वाले समय में राजनीतिक उठापटक और भी तेज होने वाली है।