संतकबीरनगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टरों ने एक गर्भवती महिला का सफल ऑपरेशन करके एक मिसाल कायम की है। यह ऑपरेशन जनरल एनेस्थीसिया और मॉडर्न वीडियो लारिंगोस्कोपी तकनीक से किया गया, जो आमतौर पर सिर्फ बड़े चिकित्सा संस्थानों जैसे एसजीपीजीआई और आरएमएल में ही उपलब्ध होती है। यह मामला इसलिए चुनौतीपूर्ण था क्योंकि महिला के पीठ में बचपन में एक बड़ा ऑपरेशन हुआ था, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में इंजेक्शन देना संभव नहीं था। ऐसे में, आमतौर पर मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है, लेकिन जिला अस्पताल की टीम ने मरीज को रेफर न करके इसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षित तरीके से सिजेरियन डिलीवरी कराई। ऑपरेशन करने वाली टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीताराम कनौजिया और एनेस्थीसिया डॉ. संतोष त्रिपाठी शामिल थे, जिनके साथ सहयोगी स्वास्थ्य कर्मी गीता, शशि श्रीवास्तव और पंकज ने भी अहम भूमिका निभाई।
