“भालचंद यादव का जीवन पूर्ण रूप से जनता के लिए समर्पित रहा। वे एक जमीन से जुड़े नेता थे, जिन्होंने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोगों की मदद की। उनका कृतित्व आज भी हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विकास कार्यों और सामाजिक योगदान को संतकबीरनगर और पूरे पूर्वांचल की जनता कभी नहीं भुला सकती।”
उक्त बातें समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता केडी यादव ने स्वर्गीय सांसद की छठवीं पुण्य तिथि के अवसर पर ग्राम भगता में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भालचंद यादव की छवि एक बेदाग नेता की रही। उन्होंने जिले को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इनमें सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव से लेकर तमाम सड़कों, पुलों और ओवरब्रिज आदि का निर्माण शामिल है, जिसने जिले के विकास को नई गति प्रदान की। वह जिले से दो बार सांसद रहे और अपनी कार्यशैली से एक मजबूत राजनीतिक विरासत छोड़ी।
सपा नेता केडी यादव ने कहा कि स्वर्गीय सांसद ने अपने दम पर जहाँ तमाम नौजवानों की जिंदगी सँवारने का कार्य किया, वहीं उन्होंने समाजसेवा की दिशा में भी कई उल्लेखनीय कार्य किए। चाहे क्षेत्र में किसी गरीब बेटी की शादी हो, किसी की आकस्मिक मौत का मामला हो, या क्रिकेट का मैदान रहा हो, स्वर्गीय सांसद भालचंद यादव हर आयोजन और हर जरूरतमंद के पास जरूर पहुँचते थे।
बताते चले कि आज स्वर्गीय सांसद भालचंद यादव की छठवीं पुण्यतिथि थी। पुण्य तिथि के अवसर उनके पैतृक गाँव भगता में पहुंचे राजनीति जगत से लेकर शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र के दिग्गजों ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान दलीय निष्ठा को दरकिनार करते हुए अन्य दलों के नेताओं ने भी स्वर्गीय सांसद भालचंद यादव को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। गौरतलब हो कि स्वर्गीय सांसद भालचंद यादव का निधन आज से 06 वर्ष पहले 4 अक्टूबर को मेदांता अस्पताल, गुड़गांव में हुआ था। उनकी छठवीं पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने पहुँचकर अपने प्रिय नेता को नम आँखों से याद किया।
