परिवार से नाता जोड़ो, शराब से नाता तोड़ो: एक कड़वा सच और मीठी सीख
शराब की बोतल भले ही कांच की बनी हो, लेकिन जब यह टूटती है, तो कांच के टुकड़े नहीं, बल्कि हँसते-खेलते परिवारों के दिल और सपने टूटते हैं। अक्सर इंसान गम भुलाने या शौक जताने के लिए शराब का सहारा लेता है, पर धीरे-धीरे वही सहारा उसके अस्तित्व को निगलने लगता है।
शराब सिर्फ एक तरल पदार्थ नहीं है, यह वह दीमक है जो घर की नींव को खोखला कर देती है। सोचिए, उस माँ के बारे में जो दरवाजे पर टकटकी लगाए बैठी है कि उसका बेटा आज होश में घर आएगा। उस पत्नी के बारे में सोचिए, जिसकी आँखों का काजल अब आंसुओं के साथ बह चुका है, और उन मासूम बच्चों के बारे में, जिनकी खिलखिलाहट पिता के भारी कदमों की आहट सुनते ही डर में बदल जाती है।
शराब आपसे आपका सम्मान छीन समाज में आपकी पहचान एक ‘शराबी’ के रूप में सिमटा देती है। घर की शांति कलेश और कड़वाहट की भेंट चढ़ जाती है। साथ ही साथ शराब के सेवन से आपके शरीर के अंग धीरे-धीरे जवाब देने लगते हैं।
दुनिया में परिवार ही वह इकलौती जगह है जहाँ आप बिना किसी शर्त के स्वीकार किए जाते हैं। जब आप शराब को चुनते हैं, तो आप अनजाने में अपने बच्चों के भविष्य और अपने माता-पिता के बुढ़ापे की लाठी को तोड़ रहे होते हैं। शराब का नशा कुछ घंटों का होता है, लेकिन परिवार का साथ उम्र भर का। शराब आपको भीड़ में अकेला कर देती है, जबकि परिवार अकेलेपन में भी आपको भीड़ जैसा हौसला देता है। शराब से नाता तोड़ना मुश्किल हो सकता है, लेकिन नामुमकिन नहीं। याद रखिए, आपके हाथों में शराब की बोतल देखकर आपके बच्चे वही सीखेंगे। क्या आप चाहते हैं कि आपका बेटा भी वही रास्ता चुने जो आपको बर्बादी की ओर ले जा रहा है?
शराब से दूरी बनाने और इस बुरी लत को छोड़ने के लिए सबसे पहले यह मानें कि शराब समस्या है। अपने परिवार से बात करें, अपनी कमजोरी बताएं और उनकी मदद मांगें।जब शराब की तलब लगे, तो अपने बच्चों के साथ खेलें या पत्नी के साथ समय बिताएं। उनकी मुस्कुराहट में जो ‘किक’ है, वह किसी जाम में नहीं।
शायद जिंदगी दोबारा मौका दे न दे, लेकिन आज आपके पास वक्त है। शराब की बोतल को नीचे रखें और अपने बच्चे का हाथ थाम लें। वह स्पर्श आपको वह सुकून देगा जो दुनिया की कोई शराब नहीं दे सकती