संतकबीरनगर – निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी विद्यालयों की 25 प्रतिशत निशुल्क सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया 2 फरवरी से शुरू होने जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पात्र अभिभावक वेबसाइट rte25.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत संबंधित वार्ड या ग्राम सभा में स्थित निजी स्कूलों की प्री-प्राइमरी या कक्षा एक की सीटों पर अलाभित एवं अपवंचित समूह के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि आवेदन के लिए अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, बीपीएल कार्ड धारक, दिव्यांग अभिभावक या दिव्यांग बच्चे पात्र होंगे। इसके अलावा, जिन अभिभावकों की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है, वे भी आय प्रमाण पत्र अपलोड कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। अभिभावकों की सुविधा के लिए प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहाँ ब्लॉक गुणवत्ता समन्वयक और ऑपरेटर आवेदन में आ रही समस्याओं का निस्तारण करेंगे। यदि ब्लॉक स्तर पर समाधान न हो, तो जनपद स्तर पर आरटीई प्रभारी डॉ. रजनीश बैद्यनाथ से समन्वय स्थापित किया जा सकता है।
प्रचार-प्रसार के लिए जनपद के प्रमुख स्थानों, तहसीलों और निजी स्कूलों के गेट पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर सहायता हेतु ब्लॉक-वार मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। आवेदन हेतु बच्चे की फोटो, जन्म प्रमाण पत्र या आधार, अभिभावक का आधार, निवास, जाति या आय प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आधार से लिंक बैंक खाते का होना अनिवार्य है। बीएसए ने अपील की है कि अभिभावक अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें, क्योंकि ऑफलाइन आवेदन की कोई व्यवस्था नहीं है।