संतकबीरनगर। जनपद की राजनीतिक सरगर्मी को नया आयाम देते हुए समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पाण्डेय आगामी 28 मार्च 2026 दिन शनिवार को पहली बार जनपद की सीमा में प्रवेश करेंगे। कांग्रेस के आंतरिक चुनाव (प्राइमरी इलेक्शन) में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर 2014 में लोकसभा प्रत्याशी के रूप में अपनी धमक दिखाने वाले रोहित पाण्डेय का सपा में शामिल होना पूर्वांचल की राजनीति में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर पूरे जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है और जनपद की सीमाओं से लेकर जिला मुख्यालय तक भव्य स्वागत की रणनीतियां बनाई गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री पाण्डेय का भव्य स्वागत अभियान सुबह 10:30 बजे टेमा रहम से शुरू होगा जहाँ गाजे-बाजे और समर्थकों के भारी हुजूम के साथ उनका अभिनंदन किया जाएगा। इसके पश्चात स्वागत का यह काफिला 10:50 बजे कांटे, 11:10 बजे भुवरिया चौराहा और 11:30 बजे सरैया बाईपास स्थित डिग्री कॉलेज के पास पहुंचेगा, जहाँ विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार इस्तकबाल किया जाएगा।
रोहित पांडेय का यह दौरा केवल एक औपचारिक आगमन न होकर सपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है, क्योंकि रोहित पाण्डेय पूर्वांचल के एक बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में स्थापित हैं और उनके सपा में जुड़ने से पार्टी की जमीनी पकड़ और अधिक मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है। स्वागत का यह भव्य सिलसिला दोपहर 12:00 बजे जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर संपन्न होगा, जहाँ रोहित पाण्डेय पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और आगामी राजनीतिक दिशा-निर्देशों पर चर्चा करेंगे। आयोजन समिति ने समस्त मीडिया बंधुओं से इस पूरे कार्यक्रम की कवरेज हेतु समय से उपस्थित होने का विशेष अनुरोध किया है, ताकि इस ऐतिहासिक क्षण को व्यापक रूप से प्रसारित किया जा सके।