
संतकबीरनगर – जानी मानी समाज सेविका, कल्पित हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर और बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी डॉ. सोनी सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आज उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। देश के विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं डॉ. सोनी सिंह को उनके चाहने वालों, सहयोगियों और गणमान्य व्यक्तियों ने मध्य रात्रि से ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से शुभकामनाओं से सराबोर कर दिया।
डॉ. सोनी सिंह वर्तमान में भारत तिब्बत समन्वय समिति की महिला प्रकोष्ठ में राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं, जहाँ वे राष्ट्रहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय सनातन संस्कृति संगठन की राष्ट्रीय प्रभारी के तौर पर वे सनातन धर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार और गौरव को जन-जन तक पहुँचाने में अपना अतुलनीय योगदान दे रही हैं। सांस्कृतिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे संस्कार भारती की जिलाध्यक्ष के रूप में कला और संस्कारों के संरक्षण का दायित्व भी बखूबी निभा रही हैं।
समाजसेवा के प्रति उनके अटूट समर्पण की चर्चा हर ओर रहती है। रोटरी मंडल की जोनल सेक्रेटरी और इनरव्हील क्लब के एडिटर पद पर रहते हुए उन्होंने सेवा के नए मानक स्थापित किए हैं। डॉ. सिंह की संवेदनशीलता का सबसे बड़ा उदाहरण कोरोना काल के दौरान देखने को मिला था जब उन्होंने न केवल स्थानीय जरूरतमंदों को राशन और दवाइयां पहुंचाईं, बल्कि अपने गृह क्षेत्र से गुजरने वाले प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए भी वे पूरी तत्परता के साथ धरातल पर उतरी थीं।
प्रशंसकों का कहना है कि डॉ. सोनी सिंह का जीवन महिला सशक्तिकरण और निस्वार्थ सेवा की एक जीवंत मिसाल है। उनके उज्जवल भविष्य और दीर्घायु की कामना करते हुए आज सुबह से ही उनके आवास और कार्यालय पर पुष्पगुच्छ भेंट करने वालों और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।