विश्व शांति, मानवता एवं वैश्विक सद्भाव को समर्पित रहा आयोजन
थिम्फू, भूटान।
विश्व शांति, मानवता, सर्वधर्म सद्भाव एवं देवनागरी उत्थान को समर्पित “बुद्धा इंटरनेशनल प्राइड अवॉर्ड 2026 एवं अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन” का भव्य आयोजन 23 मई 2026 को भूटान की राजधानी थिम्फू में सम्पन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत, अमेरिका, बांग्लादेश एवं श्रीलंका सहित विभिन्न देशों की संस्थाओं एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भूटान नन्स फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक डॉ. ताशी जांगमो रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जीवीसी एवं बीडब्ल्यूए के संस्थापक तथा जेडीएन ग्रुप ऑफ बिजनेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जैक्सन दुकपा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता धरा धाम इंटरनेशनल के प्रमुख, मानद कुलपति एवं सौहार्द शिरोमणि संत डॉ. सौरभ पाण्डेय ने की।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस विशेष समारोह में विभिन्न देशों की 21 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। इन हस्तियों को शांति स्थापना, शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, देवनागरी संवर्धन एवं वैश्विक भाईचारे के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु “बुद्धा इंटरनेशनल प्राइड अवॉर्ड 2026” प्रदान किया गया।
समारोह का आयोजन भारत की देवनागरी उत्थान फाउंडेशन एवं धरा धाम इंटरनेशनल, अमेरिका के पंडित तिलक राज शर्मा स्मृति ट्रस्ट, बांग्लादेश के द डेली ग्लोबल नेशन तथा श्रीलंका की सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम से एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स एशिया भी जुड़ा रहा।
सम्मेलन के दौरान विश्व शांति, मानवीय मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं वैश्विक भाईचारे को लेकर विशेष संवाद एवं विचार-विमर्श आयोजित किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में भूटान के जैक्सन दुकपा, कुएंगा थिनले एवं गेदेन दोरजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर डॉ. पूजा शैलेंद्र निगम, डॉ. देवेंद्र कुमार पाठक, डॉ. के. वी. एन. लक्ष्मी तायारू, डॉ. आराधना वर्मा, अनुपमा शर्मा, डॉ. शशि रानी सिंह, डॉ. माधुरी मिश्रा, डॉ. तुहिना प्रकाश शर्मा, जिया उल हक एवं डॉ. पी. यन. पाण्डेय सहित विभिन्न देशों एवं क्षेत्रों की प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में स्वास्थ्य एवं पोषण विशेषज्ञ गेदेन दोरजी तथा समाजसेवी एवं विधिक सहायता विशेषज्ञ कुएंगा थिनले को भी विशेष अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।