संतकबीरनगर। अपना दल (S) के शीर्ष नेतृत्व ने सांगठनिक स्तर पर एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा फैसला लिया है। पार्टी हाईकमान ने अचानक कदम उठाते हुए संत कबीर नगर के जिलाध्यक्ष सचिन सिंह सैथवार को उनके पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता डॉ. पीसी पटेल को जिले की कमान सौंपते हुए नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शीर्ष नेतृत्व के इस अचानक लिए गए फैसले से स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
गौर करने वाली बात यह है कि निवर्तमान जिलाध्यक्ष सचिन सिंह सैथवार को गत वर्ष ही इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, उनका कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही नेतृत्व ने उन्हें पद से हटाने का फैसला कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और सांगठनिक मजबूती को देखते हुए पार्टी हित में शीर्ष नेतृत्व ने इस बार युवाओं के बजाय ‘अनुभव’ को प्राथमिकता देने का मन बनाया, जिसके बाद डॉ. पीसी पटेल के नाम पर मुहर लगाई गई।
स्थानीय जुड़ाव और अनुभव को वरीयता
नए जिलाध्यक्ष डॉ. पीसी पटेल मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के ही ग्राम मुसरद (पोस्ट पचपोखरी) के निवासी हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और लंबे संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को जमीनी स्तर पर काफी मजबूती मिलेगी।
बधाइयों का दौर और नया संकल्प
डॉ. पीसी पटेल के मनोनयन की खबर आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अपना दल (एस) व्यापार मंच के प्रदेश अध्यक्ष पुष्कर चौधरी ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष को फोन पर और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई व शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही जिले के तमाम स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले का स्वागत करते हुए डॉ. पटेल को बधाई दी है।
अपनी नियुक्ति पर आभार जताते हुए नव नियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. पीसी पटेल ने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति अत्यंत कृतज्ञ हैं, जिन्होंने उन पर इतना बड़ा भरोसा जताया है। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा, “पार्टी द्वारा मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर निभाऊंगा। हमारा मुख्य उद्देश्य जिले में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है।”