संतकबीरनगर(भैंसमथान) 05 सितंबर की सुबह विद्यालय परिसर में बच्चों की चहकती आवाजों और उत्साह से माहौल कुछ अलग ही नजर आ रहा था। कहीं गुरुजनों के सम्मान की तैयारियां चल रही थीं तो कहीं बच्चे अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की तैयारी में जुटे थे। अवसर था भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस का। पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भैंसमथान में शिक्षक दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाध्यापक कन्हैयालाल जौनपुरिया ने किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाया। श्रीमती अर्चना सिंह, श्रीमती दीपिका सिंह, सुश्री मोनिका भारती, श्रीमती विनीता पांडे एवं श्रीमती चंद्रप्रभा पांडे सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम प्रधान, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी मौजूद रहे।
प्रधानाध्यापक कन्हैयालाल जौनपुरिया ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल महान शिक्षक और दार्शनिक ही नहीं, बल्कि शिक्षा एवं संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संदेश देने वाले आदर्श व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि उनके चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने का कार्य करता है।
समारोह में बच्चों को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और आदर्शों से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों को शिक्षकों एवं माता-पिता का सम्मान करने, अनुशासन और ईमानदारी को जीवन का हिस्सा बनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में उत्साह और आत्मीयता का वातावरण बना रहा। उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।