सीसीटीवी से लेकर निर्धारित समय तक की हुई जांच, सेल्समैन को नियमों के पालन की सख्त हिदायत
संतकबीरनगर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब के सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों के साथ-साथ खुले में शराब पीने वालों की भी सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शराब की दुकानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और संचालन की जांच की गई। पुलिस ने सेल्समैन को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन किया जाए। निर्धारित समय के बाद शराब की बिक्री न करने और दुकान पर किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने देने की हिदायत दी गई।
वहीं, पुलिस की निगाहें सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर जाम छलकाने वालों पर भी रहीं। विभिन्न थाना क्षेत्रों में खुले स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों की चेकिंग की गई। पुलिस ने ऐसे लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शराब की दुकानों की नियमित निगरानी, सीसीटीवी व्यवस्था, निर्धारित समय का पालन तथा खुले में शराब पीने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
