
संतकबीरनगर। सेमरियावां ब्लॉक की खमरिया ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि विकास चौधरी ने प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को मजबूती से उठाया। शिष्टाचार भेंट के साथ हुई इस मुलाकात में विकास चौधरी ने मंत्री से आशीर्वाद लिया और ग्रामीण विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
विकास चौधरी ने जल निकासी, बाढ़ नियंत्रण और शुद्ध पेयजल आपूर्ति को क्षेत्र की प्राथमिक जरूरत बताते हुए इनके स्थायी समाधान की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ से ग्रामीणों तथा किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने मंत्री से क्षेत्र में जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था, बाढ़ से बचाव के ठोस इंतजाम और ग्रामीणों को पर्याप्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने का आग्रह किया।
जलशक्ति मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। मुलाकात में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने पर भी विशेष चर्चा हुई।