वाराणसी के विद्वानों के सानिध्य में होगी महाशिव व मां गंगा की भव्य आरती, श्रद्धालुओं से आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
संतकबीरनगर। हर-हर महादेव के जयघोष, शिवभक्ति की दिव्यता और मां गंगा की आरती की अलौकिक छटा के बीच श्री बाबा तामेश्वरनाथ धाम आगामी 4 नवंबर को आस्था के भव्य उत्सव का साक्षी बनेगा। धाम के पवित्र प्रांगण में बुधवार को महाशिव एवं मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन वाराणसी के प्रसिद्ध विद्वानों द्वारा किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को भव्य और सफल बनाने की जिम्मेदारी मेला व्यवस्थापक गोस्वामी शशांक भारती निभा रहे हैं।
गोस्वामी शशांक भारती ने जनपदवासियों, क्षेत्रीय श्रद्धालुओं और समस्त शिवभक्तों से सपरिवार आयोजन में पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन करने, आरती में सहभागी बनने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से तन-मन और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग देकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।यह आयोजन श्री बाबा तामेश्वरनाथ सेवा समिति, समस्त ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों एवं जनपदवासियों के सौजन्य से संपन्न होगा।