ब्रह्मभोज में शामिल होकर साझा किया दुख, विकास फागना ने भी नम आंखों से अर्पित किए श्रद्धासुमन
संतकबीरनगर। मां का बिछड़ना जीवन का ऐसा दर्द है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। मां की ममता, उनका आंचल और उनका आशीर्वाद जीवनभर की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। जब यही सहारा छिन जाता है, तो अपनों के स्नेह भरे दो शब्द और मुश्किल घड़ी में साथ खड़े होने का भरोसा बड़ी ताकत बन जाता है। इसी संवेदना और पारिवारिक आत्मीयता के साथ उद्योगपति संतोष चतुर्वेदी बस्ती के पूर्व सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के घर पहुंचे। उनकी दिवंगत मां के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस भावुक पलों के बीच संतोष चतुर्वेदी ने कहा, “मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। उनका जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं हरीश द्विवेदी जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं यूथ आइकॉन विकास फागना भी संतोष चतुर्वेदी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवार के प्रति संवेदना जताई।
संतोष चतुर्वेदी मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के हरिहरपुर-भिठहां के निवासी हैं और दिल्ली-हरियाणा के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। रिश्ते में वह हरीश द्विवेदी के साढ़ू हैं। उनका परिवार क्षेत्र में राजनीतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है।उनके भाई दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे भाजपा के पूर्व सदर विधायक रह चुके हैं, जबकि डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और राकेश चतुर्वेदी शैक्षणिक संस्थानों के संचालन से जुड़े हैं।
