संतकबीरनगर – बीते दिनों लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष द्वारा गोंडा जिले में लगाए गए एक पोस्टर ने प्रदेश की सियासत को गर्म कर रखा है। सत्तारूढ़ दल बीजेपी समेत अन्य दलों ने पोस्टर पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर का अपमान करार देते हुए धरना प्रदर्शन भी किया है। वहीं इस पोस्टर विवाद को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता प्रखर वक्ता सुनील सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी समेत अन्य दलों को जमकर लताड़ लगाई है। श्री सिंह ने अपने बयान में कहा कि गोंडा में लगाए गए पोस्टर में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तुलना अखिलेश यादव से की गई थी। जिसपर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने नाराजगी जाहिर करते कहा था कि “यह सीधे तौर पर बाबा साहेब का अपमान है। पोस्टर लगाने की गलती लोहिया वाहिनी संगठन के जिलाध्यक्ष लालचंद गौतम ने की है। जिनसे वो व्यक्तिगत रूप से बात कर ये सुनिश्चित कर दिया है कि भविष्य में ऐसी गलती करने वालों के खिलाफ वो कड़ी कार्रवाई करेंगे। सपा नेता सुनील सिंह ने कहा कि जो विचारधारा बाबा साहब की है वही विचारधारा समाजवादी पार्टी की है। समाजवादी पार्टी की विचारधारा बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने सिर झुकाकर खड़ी होने की है भला समाजवादी पार्टी के लोग उनका अपमान कैसे कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं,लेकिन महापुरुषों का सम्मान हमारे संस्कारों और आत्मा का हिस्सा है। समाजवाद और सामाजिक न्याय का जो सपना बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देखा था,समाजवादी पार्टी उसी सपने को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रतिबद्ध है। सपा नेता सुनील सिंह ने कहा कि तस्वीरें झूठ बोल सकती हैं — लेकिन इरादे नहीं। यह तस्वीर इस बात की गवाही है कि समाजवादी विचारधारा और उसका नेतृत्व, बाबा साहेब के आदर्शों को सिर्फ़ मानता नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में जीता है। सपा नेता सुनील सिंह ने बीजेपी समेत अन्य दलों के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी ओछी राजनीति करना बंद कर दें अन्यथा बाबा साहब के सम्मान के लिए समाजवादी कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक इसका इस का विरोध करेंगे।