काशी कॉरिडोर की तर्ज पर होगा तामेश्वरनाथ धाम का विकास- योगी आदित्यनाथ (CM)

संतकबीरनगर जिले के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल बाबा तामेश्वरनाथ धाम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 सौ 15 करोड़ की 528 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने बाबा तामेश्वरनाथ धाम को काशी कॉरिडोर की तरह विकसित करने के लिए स्थानीय प्रशासन को कार्ययोजना तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, चाभी , लैपटॉप, चेक आदि का वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जहां धार्मिक स्थलों का सर्वांगीण विकास हुआ वहीं युवाओं को रोजगार परक भी बनाया गया। प्रदेश के नौजवानों के लिए भर्तियां निकाली गई। तमाम युवकों का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हुआ। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है, जनता को सुरक्षा के साथ सहूलियत मिल रही है! शिक्षा का स्तर भी ऊंचा हुआ है, स्कूलों कालेजों का तेजी से कायाकल्प हुआ!
पूरे प्रदेश में हाइवे और एक्सप्रेस वे का जाल बिछ चुका है। तीर्थ स्थलों अयोध्या, काशी, विंध्यवासिनी प्रयागराज धाम का विकास हुआ, संतकबीर परिनिर्वाण स्थली विकसित हुई।
उन्होंने कहा कि मोदी जी अगुआई में देश बदल रहा है, भारत बिना रुके, बिना झुके, बिना डरे विकास की अनवरत यात्रा पर है। 04 करोड़ लोगों को पक्का मकान मिला, 10 करोड़ माताओं बहनों को उज्जवला गैस योजना का लाभ मिला, 12 करोड़ लोगों के घरों में शौचालय बना, 45 करोड़ लोगों के जनधन खाते खुले। 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के तहत कार्ड मिला और 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है। मंच से बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2047 तक भारत विश्व का सबसे मजबूत राष्ट्र बन जाएगा!