संतकबीरनगर जिले के NH 28 पर एक भीषण सड़क हादसे में 04 लोगों ने अपनी जान गंवा दी, वहीं 03 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए है जिनकी हालत गंभीर होने पर सभी को BRD मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर किया गया। हादसे के पीछे सरकारी बस के अनियंत्रित होकर ऑटो को टक्कर मारने की वजह मानी जा रही है जिसमें ऑटो सवार लोग हताहत और मृत्यु के शिकार हुए है। पूरा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के कांटे मुंडेरवा मार्ग का है जहां देर शाम लगभग साढ़े आठ बजे बस्ती जिले से गोरखपुर को जा रही एक सरकारी बस ने कांटे से मुंडेरवा बाजार को जा रही ऑटो में टक्कर मार दी जिसके चलते ऑटो पलट गई जिसमें सवार 03 की जहां मौके पर ही मौत हो गई वहीं 01 अन्य की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हुई। ऑटो सवार शहर कोतवाली क्षेत्र के बूधा खुर्द गांव के बताए जा रहें है। वहीं सड़क हादसे की सूचना पाकर खुद मौके पर पहुंचे डीएम आलोक कुमार और SP संदीप मीना ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा कर पुलिस को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देश दिया। आपको बता दें कि दुर्घटना करने के बाद भाग रहे बस का स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर उसे मनियरा पेट्रोल पंप के निकट पकड़ उसे पुलिस के हवाले किया।