
संत कबीर नगर- जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्राप्त ग्रेडिंग और रैंकिंग के आधार पर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों और कार्यों से संबंधित विभागाध्यक्षों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने कार्यों और योजनाओं में गुणात्मक प्रगति लाते हुए बेहतर प्रदर्शन करें, ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों के संचालन और क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग दर्शाने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने आवास योजना (ग्रामीण), भवन निर्माण, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राज्य योजना, निपुण परीक्षा आकलन, मध्यान्ह भोजन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, कायाकल्प योजना, छात्रवृत्ति, ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम का निर्माण, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
जल जीवन मिशन और फैमिली आईडी पर विशेष जोर:
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक लाभार्थियों को पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने और डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों (नगर पालिका/नगर पंचायत) को फैमिली आईडी बनाने के कार्य को ‘मिशन मोड’ पर प्रतिदिन समीक्षा कर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और निर्माण कार्यों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर विशेष ध्यान दें, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग अच्छी बनी रहे। इस अवसर पर डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, विभिन्न खंड विकास अधिकारीगण, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवधेश भारती, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।