
संतकबीरनगर– आगामी मोहर्रम और सावन/काँवड़ पर्वों के शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त किया। यह गश्त थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर में आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए आयोजित की गई थी।
गश्त के दौरान, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ एडीएम अरुण वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। मगहर चौकी से शुरू होकर यह गश्त शेरपुर चौराहा, सूती मिल चौराहा, काजीपुर, जामा मस्जिद और आर्य समाज मंदिर जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुज़री।
इस दौरान, अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही आमजनमानस से अपील की गई कि वे अपने घरों में अच्छी और उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस पैदल गश्त में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पाण्डेय, पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अशांति को रोकना और जनता में विश्वास पैदा करना है।