
संतकबीरनगर-: पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया गया। प्रभारी यातायात परमहंस ने न्यू हाउस बेसिक स्कूल नाथनगर महुली के छात्रों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
यातायात जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूल के अध्यापकों की उपस्थिति में छात्रों को कई महत्वपूर्ण बातों से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन नहीं चलाना चाहिए, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन न चलाएं, नशे की हालत में गाड़ी न चलाएं, और वाहन को ओवरस्पीड से चलाने से बचें।
इसके अतिरिक्त छात्रों से यह भी अपील की गई कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।