
संतकबीरनगर जिले के जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जिला कारागार संतकबीरनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कैदियों से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल, बैरक, मेस और पूरे जेल परिसर की गहन जांच की। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई व्यवस्था का मुआयना किया और सुनिश्चित किया कि सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। अधिकारियों ने कारागार कर्मियों को सख्त हिदायत दी कि जेल के अंदर किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री न जाए और सभी प्रक्रियाओं का निष्पादन पूर्ण और सही तरीके से किया जाए। साफ-सफाई के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कैदियों से उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जेल में अध्ययनरत कैदियों में से उन लोगों को सम्मानित किया जिन्होंने चित्रकारी, शिल्पकारी और पठन-पाठन में विशेष रुचि दिखाई है।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित अन्य जेल कर्मी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।