संतकबीरनगर पुलिस ने मूल्य समर्थन योजना (MSP) के तहत 2023-24 के धान खरीद में धोखाधड़ी और सरकार को आर्थिक क्षति पहुँचाने के आरोप में वांछित अभियुक्त महेंद्र कुमार गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त महेंद्र कुमार गर्ग पुत्र बाबूराम निवासी 107 गोदावरी स्टेट सिविल लाइन, पीलीभीत पर आरोप है कि उसने मूल्य समर्थन योजना के तहत वर्ष 2023-24 में धान खरीद के दौरान खरीदी गई धान की पूरी मात्रा की आपूर्ति नहीं की थी। उसके इस कृत्य से संघ को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। इस मामले में थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 684/2024 धारा 3/7 ईसी एक्ट (आवश्यक वस्तु अधिनियम) और धारा 409 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। जिसके तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त महेंद्र कुमार गर्ग को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललितकान्त यादव, हेड कांस्टेबल गणेश प्रसाद और कांस्टेबल अरविंद तिवारी शामिल थे।