संतकबीरनगर- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की क्षेत्रीय विकास (पूर्वांचल) निधि योजना के तहत क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों और नाली निर्माण कार्यों के लिए भारी-भरकम धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। इस बड़ी उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक अनिल त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण आज मेहदावल का हर कोना मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
विकास की इस नई कड़ी में विकासखंड मेहदावल के सरफरा मदरहुवा तिराहा से मधई पुरवा होते हुए मेहावर प्रधानमंत्री सड़क तक 1.900 किलोमीटर लंबी पिच सड़क का निर्माण 147.81 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसी प्रकार, समदा प्रतापपुर मार्ग से समदा गाँव होते हुए समदा लोहरसन मार्ग तक 750 मीटर लंबी सड़क के लिए 54.41 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगर पंचायत मेहदावल के वार्ड संख्या 07 में संतोष सिंह के घर से नन्देश्वर त्रिपाठी के घर होते हुए मोलहू के घर तक 650 मीटर सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 63.28 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, विकासखंड बेलहर कलां के अंतर्गत भेड़ौरा पिकौरा में पलनिया चौराहे से ककरहां शिव मंदिर होते हुए पिपरपाती प्राथमिक विद्यालय तक 1.500 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 149.46 लाख रुपये की लागत से होगा। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की जनता को जर्जर रास्तों और जलभराव की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। विधायक ने दोहराया कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।