संतकबीरनगर- स्थानीय विधायक अनिल त्रिपाठी के प्रयास से विधानसभा क्षेत्र मेहदावल के चहुंमुखी विकास के संकल्प को साकार करते हुए ‘त्वरित आर्थिक विकास योजना’ (वित्तीय वर्ष 2025-26) के तहत पांच अत्यंत महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण हेतु धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विकास की इन परियोजनाओं को हरी झंडी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और कृषि व्यापार को भी काफी बल मिलेगा।
योजना के अंतर्गत विकास खंड मेंहदावल में ग्राम खैरहवा से बरईपुर (समय माता मंदिर से खुटहवा होते हुए) तक 1.300 किमी सड़क के लिए ₹119.82 लाख, बढ़या ठाठर में गौशाला से मेहावर तक 1.800 किमी पिच रोड के लिए ₹158.98 लाख और मोहिया पुल-घुरापाली मार्ग पर ग्राम पिंडारी कला से समय माता मंदिर होते हुए साडे टोला भडारे मार्ग तक 1.900 किमी सड़क हेतु ₹164.90 लाख की स्वीकृति मिली है। वहीं, विकास खंड सांथा के करमा भटौरा मार्ग से करमा उत्तर टोला तक 1.00 किमी मार्ग के लिए ₹63.64 लाख और बेलहर कला के ग्राम पंचायत बेलवा ठकुराई में रामवृक्ष गुप्ता के घर से काली मंदिर व अमरगढ ताल होते हुए दिनेश निषाद के मकान तक 1.200 किमी पिच रोड हेतु ₹186.92 लाख की भारी-भरकम राशि जारी की गई है।
क्षेत्र को मिली इस बड़ी सौगात पर विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास के संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इन पांचों सड़कों की कुल लंबाई और लागत क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव लाएगी। विधायक ने इन जनहितकारी परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से आभार प्रकट करते हुए कहा कि सुदृढ़ सड़कों के जाल से गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।