
संतकबीरनगर। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जनपद में समाजवादी पार्टी का उत्साह चरम पर देखने को मिला। सपा के कद्दावर नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पांडेय ने खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और चौराहों का सघन दौरा कर बाबा साहेब को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान क्षेत्र में उनके स्वागत के लिए समर्थकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम का शुभारंभ नौवागाव स्थित रविदास मंदिर से हुआ, जहाँ सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गौहर अली खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रोहित पांडेय का भव्य स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला सेमरियावां ब्लॉक पहुँचा, जहाँ आयोजित मुख्य समारोह में वे बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। यहाँ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर सपा नेता रोहित पांडेय ने कहा कि बाबा साहेब ने न केवल देश को संविधान दिया, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि समाज में व्याप्त ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर और बाबा साहेब के महान विचारों को आत्मसात करके ही एक न्यायपूर्ण राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। इस दौरान स्थानीय नेताओं, ग्राम प्रधानों और भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता की मौजूदगी ने कार्यक्रम को बेहद प्रभावशाली बना दिया। क्षेत्र में रोहित पांडेय के इस दौरे को राजनीतिक गलियारों में समाजवादी पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।