

कलेक्ट्रेट सभागार में गूंजी किलकारियां मेडल, प्रशस्ति पत्र और चेक पाकर खिले मेधावियों के चेहरे
संतकबीरनगर: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के लाइव संबोधन को सभी ने सुना जिसमें उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने मेधावियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज की यह सफलता आपकी कठिन मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस सफलता को अपनी मंजिल न मानकर आगे के बड़े लक्ष्यों के लिए एक मजबूत सीढ़ी बनाएं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि देश और प्रदेश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी अब आप जैसे होनहार कंधों पर है इसलिए पूरी ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने छात्र-छात्राओं में नया जोश भरा और कहा कि आप सभी जनपद का गौरव हैं और आपकी इस उपलब्धि से पूरे जिले का मान बढ़ा है। परीक्षा में अंक पाना केवल एक पड़ाव है, असली परीक्षा जीवन की चुनौतियों को सकारात्मकता के साथ पार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य में आने वाली किसी भी प्रतियोगिता के लिए अभी से अनुशासित होकर तैयारी करें प्रशासन हर मोड़ पर आपके साथ खड़ा है। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, विधायक और जिलाधिकारी द्वारा होनहारों को मेडल, प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बने मुख्य विकास अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों की इस ऐतिहासिक सफलता पर अपनी शुभकामनाएं दीं।