
संतकबीरनगर -जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा के कानपुर स्थानांतरण पर आज कार्यालय परिसर में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। श्री शर्मा का स्थानांतरण अब उपायुक्त उद्योग, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कानपुर के पद पर हुआ है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग बस्ती मंडल गौरव मिश्र ने श्री शर्मा को बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जनपद में श्री शर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में निवेश को बढ़ावा देने और विभाग के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने में बड़ी सफलता मिली।
समारोह का संचालन करते हुए सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि 2 फरवरी 2021 को पदभार ग्रहण करने के बाद से ही राजकुमार शर्मा ने पूरे मनोयोग से जनपद के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने का कार्य किया। विदाई के इस अवसर पर कार्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों, जिसमें पंकज कुमार पाण्डेय, आशीष कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, विशाल श्रीवास्तव, घनश्याम पाण्डेय, जया राना, पुष्पा देवी, बलवंत कुमार, शैलेंद्र कुमार, संदीप दूबे और जगदंबा प्रसाद शामिल थे ने भी श्री शर्मा को सम्मानित किया। इसके साथ ही उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि श्रीराम सिंह, सुभाष शुक्ला, रितेश सिंह और व्यापारिक संगठन से विनीत चढ्ढा ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
अपने विदाई संबोधन में राजकुमार शर्मा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि संत कबीर नगर में बिताया गया समय उनके लिए यादगार रहा। उन्होंने औद्योगिक संगठनों, स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों और जिला प्रशासन के पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सबके सम्मिलित प्रयासों से ही जनपद में निवेश का सकारात्मक माहौल बन पाया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी और तमाम उद्यमी उपस्थित रहे।