
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद क्षेत्र में जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में चेयरमैन जगत जायसवाल ने एक और प्रभावी पहल की है। रजिस्ट्री कार्यालय के पास डॉक्टर अनूप बंगाली क्लीनिक के समीप, नगर पालिका कार्यालय के पीछे पक्का पोखरा 88.90 के पास नगर पालिका की भूमि पर लंबे समय से कूड़ा-कचरा और टूटे मकानों का मलबा जमा था। इससे राहगीरों और आसपास के नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा लगातार शिकायतें भी मिल रही थीं। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए चेयरमैन जगत जायसवाल के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कूड़ा निस्तारण वाहन बुलाया और जमा कूड़े व मलबे को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। इसके साथ ही उक्त स्थान की साफ-सफाई कराकर स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। मौके पर सभासद भुट्टू हाजी, सतविंदर पाल उर्फ जज्जी, अजय शेट्टी समेत अन्य नागरिक मौजूद रहे। पार्किंग स्थल की देखरेख के लिए हेमंत तिवारी को जिम्मेदारी सौंपते हुए नगर पालिका की भूमि के आसपास वाहनों के व्यवस्थित रख-रखाव के दिशा-निर्देश दिए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा और मलबा हटने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आसपास लगने वाले जाम से भी काफी राहत मिलेगी। जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उठाए गए इस कदम को चेयरमैन जगत जायसवाल का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।