संतकबीरनगर। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर ग्राम पंचायत पचपोखरी के भावी प्रधान प्रत्याशी अब्दुल कादिर ने समस्त ग्रामवासियों को दिली मुबारकबाद और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में प्रेम, शांति, भाईचारे और इंसानियत की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
अब्दुल कादिर ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व हमें मोहब्बत, अमन, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। इस अवसर पर सभी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने तथा समाज में भाईचारा कायम रखने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिन्दू-मुस्लिम एकता गांव की पहचान और सबसे बड़ी ताकत है। गांव के विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, जनसेवा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में ग्रामीणों के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता जताई।
अब्दुल कादिर ने कहा कि जनसेवा किसी पद या अधिकार की मोहताज नहीं है। बिना किसी भेदभाव के गांव के प्रत्येक परिवार की मदद और सम्मान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से मिल-जुलकर पचपोखरी को विकास, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बनाने की अपील की।