इंडस्ट्रियल एरिया में ब्लूमिंग बड्स स्कूल की नई शाखा का भूमि पूजन, शिक्षा के साथ करीब 500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर
संतकबीरनगर। सुबह की पहली किरण के साथ जब इंडस्ट्रियल एरिया खलीलाबाद की जमीन पर वैदिक मंत्रों की गूंज सुनाई दी, तो माहौल कुछ अलग ही नजर आ रहा था। यज्ञ की सुगंध, मंत्रोच्चार और उत्साहित चेहरों के बीच एक ऐसी नींव रखी जा रही थी, जिसके साथ जिले के हजारों बच्चों के भविष्य के सपनों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यह अवसर था ब्लूमिंग बड्स स्कूल की नई शाखा के भूमि पूजन का।
प्रभा देवी शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित ब्लूमिंग बड्स स्कूल की नई शाखा करीब 5 एकड़ भूमि में विकसित की जाएगी। प्रस्तावित कैंपस को आधुनिक शिक्षा, संस्कार, खेलकूद और कौशल विकास का ऐसा केंद्र बनाने की योजना है, जहां विद्यार्थियों को बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा और सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। संस्थान के अनुसार, इस परियोजना से लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी, चेयरमैन विनय कुमार चतुर्वेदी, प्रेसिडेंट राम प्रसाद पाण्डेय, उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अरविन्द पाठक, कोऑर्डिनेटर विजय कुमार राय, रवि प्रताप सिंह और राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भूमि पूजन किया और विद्यालय की नींव की आधारशिला रखी।
इस दौरान चेयरमैन विनय कुमार चतुर्वेदी के शब्दों में केवल एक विद्यालय बनाने का संकल्प नहीं, बल्कि एक बड़े सपने की झलक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रभा देवी शिक्षण संस्थान परिवार के लिए ऐतिहासिक है। उनका उद्देश्य केवल एक भव्य इमारत तैयार करना नहीं, बल्कि संतकबीरनगर को शिक्षा के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि पांच एकड़ में बनने वाला यह कैंपस केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं होगा, बल्कि संस्कार, आधुनिक शिक्षा और रोजगार का केंद्र बनेगा। यहां बच्चों को स्मार्ट क्लास, स्पोर्ट्स एकेडमी, आधुनिक साइंस लैब और स्किल डेवलपमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उनका कहना था कि कोशिश होगी कि जिले के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता न पड़े।
प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा से बड़ी सेवा कोई नहीं है। ब्लूमिंग बड्स स्कूल शुरू से ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है। नई शाखा उसी सोच को और व्यापक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नई शाखा को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह दिखाई दिया। लोगों का मानना है कि इंडस्ट्रियल एरिया में आधुनिक विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर पैदा होने से आसपास के क्षेत्र के विकास को भी बल मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन के इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी, उप प्रधानाचार्य अनुप विश्वकर्मा, आमरीन मैडम, विवेकानंद शुक्ला, पारुल गुप्ता, रितेश त्रिपाठी, डॉ. नागेन्द्र सिंह, जे.पी. चौधरी, विजया त्रिपाठी सहित विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
एक खाली जमीन पर रखी गई यह नींव आने वाले दिनों में जब भव्य विद्यालय का रूप लेगी, तब शायद यहां से निकलने वाले हजारों बच्चे संतकबीरनगर की नई पहचान बनेंगे। फिलहाल, भूमि पूजन के साथ जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐसे सपने की नींव रख दी है, जिसके पूरा होने का इंतजार अब पूरे जनपद को रहेगा।