बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने जीवंत किया सर सैयद का शैक्षिक मिशन, एएमयू तराने और राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न
संतकबीरनगर। शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाने वाले महान शिक्षाविद् एवं समाज सुधारक सर सैयद अहमद खान की 209वीं जयंती पर शनिवार को बजहरा स्थित सर सैयद मिशन पब्लिक स्कूल में भव्य समारोह आयोजित हुआ। ‘ऑल अलीग ऑफ संत कबीर नगर डिस्ट्रिक्ट’ के तत्वावधान में हुए आयोजन में शिक्षा, समाजसेवा और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
समारोह का खास आकर्षण विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। करीब 25 बच्चों ने सर सैयद के जीवन, समाज सुधार और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की स्थापना से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। वहीं, लगभग 100 बच्चों ने उनके जीवन, विचारों और शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण को दर्शाते पोस्टर तैयार किए। इन रचनात्मक प्रयासों ने नई पीढ़ी को सर सैयद की विरासत से जोड़ने के साथ आधुनिक शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन कुवैत में जियोलॉजिस्ट अब्दुल्ला जहीर अलीग ने प्रभावशाली अंदाज में किया। उनके छोटे भाई मोहम्मद नोमान अली की सर सैयद अहमद खान और एएमयू पर प्रस्तुत नज्म ने समारोह को भावनात्मक रंग दिया।
मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध सर्जन एवं पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अयूब रहे। विशिष्ट अतिथियों में जनता की संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शफीक, एआरसी पीजी कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निदेशक शमशेर अहमद सहित कई शिक्षाविद्, चिकित्सक, वैज्ञानिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। अमेरिका के ब्राउन कैंसर सेंटर से जुड़े वैज्ञानिक इरशाद अहमद अंसारी समेत अन्य विशिष्ट लोगों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
वक्ताओं ने कहा कि सर सैयद ने आधुनिक शिक्षा, तार्किक सोच और सामाजिक जागरूकता को तरक्की का आधार बनाया। उनके विचार आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय के निदेशक डॉ. अबुसाद अलीग और प्रिंसिपल डॉ. फारुख आलम अलीग ने अतिथियों, आयोजकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार जताया। समापन पर सामूहिक रूप से एएमयू तराना और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता, शैक्षिक जागरूकता और समाजसेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।