बीजेपी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक बनाये डॉ चित्रसेन श्रीवास्तव…..

संतकबीरनगर। चिकित्सा जगत में अपनी पहचान और प्रभाव रखने वाले डॉ. चित्रसेन श्रीवास्तव की अब सियासी पारी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें चिकित्सा प्रकोष्ठ का प्रदेश सह संयोजक बनाकर संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति को महज एक संगठनात्मक पद नहीं, बल्कि संतकबीरनगर की राजनीति में एक नए चेहरे के उभार के रूप में भी देखा जा रहा है।
मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के बंधवा गांव के निवासी डॉ. चित्रसेन श्रीवास्तव शंभूनाथ मेमोरियल हॉस्पिटल एवं पैरा मेडिकल कॉलेज के एमडी हैं। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी भी उन्हें क्षेत्र में एक परिचित चेहरा बनाती है।
चिकित्सा सेवा के लंबे अनुभव और सामाजिक संपर्कों को अब राजनीतिक मंच पर विस्तार देने का अवसर मिला है। भाजपा के चिकित्सा प्रकोष्ठ में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि चिकित्सा जगत से जुड़े किसी प्रभावशाली चेहरे की संगठन में प्रदेश स्तर पर तैनाती स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों की जमीन भी तैयार कर सकती है।
डॉ. चित्रसेन की भाजपा में इस एंट्री को जिले की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। सवाल यह है कि क्या चिकित्सा सेवा के रास्ते शुरू हुई उनकी यह सियासी पारी आने वाले दिनों में कोई बड़ा राजनीतिक गुल खिलाएगी? फिलहाल उनकी नियुक्ति ने संतकबीरनगर के राजनीतिक गलियारों में हलचल जरूर पैदा कर दी है। आने वाले समय में उनकी सक्रियता और संगठन में भूमिका पर सबकी निगाहें रहेंगी।