मगहर में कथित निवेश ठगी का मामला गरमाया, आरोपी की गिरफ्तारी और संपत्तियों की जांच के लिए शासन तक पहुंची शिकायत
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मगहर स्थित तिवारी टोला में कथित आर्थिक ठगी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। सस्ते मकान, शेयर बाजार और कम समय में दोगुना मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये लेने के आरोप श्रवण कुमार गुप्ता और उनके पुत्र प्रदीप गुप्ता पर लगाए गए हैं। पीड़ितों का दावा है कि अपनी जमा-पूंजी गंवाने के बाद अब वे न्याय के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, आरोपितों ने अलग-अलग लोगों को आकर्षक लाभ का भरोसा दिलाकर रकम निवेश कराई थी। रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि इस मामले में कई बार पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र दिए जाने के बावजूद अब तक उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
मामले में एक और सवाल खलीलाबाद कोतवाली में दर्ज गुमशुदगी संख्या 120/2026 को लेकर उठाया जा रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि प्रदीप गुप्ता की गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जबकि उनकी जानकारी के अनुसार वह गोरखपुर और नेपाल में रिश्तेदारों के यहां रह रहा है। हालांकि, इन आरोपों और गुमशुदगी दर्ज कराने के पीछे की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
पीड़ितों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, एडीजी गोरखपुर और डीआईजी बस्ती से हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाए, आरोपियों की भूमिका स्पष्ट की जाए तथा कथित अवैध संपत्तियों और बैंक खातों की जांच कराई जाए।