अधिवक्ताओं के मान-सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा को बताया नई कार्यकारिणी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी, बार-बेंच के बेहतर समन्वय की जताई उम्मीद
संतकबीरनगर। जनपद बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में नई कार्यकारिणी के गठन के साथ अधिवक्ता समाज में नई उम्मीदों और अपेक्षाओं का संचार हुआ है। चुनाव में अध्यक्ष पद पर मो० मोविन, महामंत्री पद पर राणा रविन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रामकरण और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रोहित त्रिपाठी ने जीत दर्ज की। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सिविल कोर्ट के अधिवक्ता कुलदीप मिश्र ने हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दी हैं। चुनाव परिणाम के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को हमारे लीगल हेड कुलदीप मिश्र ने बधाई देते हुए
अपने शुभकामना संदेश में कहा कि चुनाव में मिली जीत केवल पद की उपलब्धि नहीं, बल्कि अधिवक्ता समाज के विश्वास और अपेक्षाओं की जिम्मेदारी भी है। उन्हें उम्मीद है कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के मान-सम्मान, स्वाभिमान, अधिकारों और हितों के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन किसी भी न्यायिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसकी मजबूती अधिवक्ताओं की एकजुटता, आपसी सौहार्द और सकारात्मक कार्यशैली से सुनिश्चित होती है। नई कार्यकारिणी से अपेक्षा है कि वह बार और बेंच के बीच सौहार्दपूर्ण समन्वय स्थापित करते हुए न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कुलदीप मिश्र ने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी अधिवक्ता समाज की गरिमा बढ़ाने और युवा अधिवक्ताओं के हितों को आगे बढ़ाने की दिशा में अनुकरणीय कार्य करेंगे। उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल अधिवक्ता एकता और सम्मान का नया अध्याय बने।