
संत कबीर नगर, 25 जून 2025: आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर संत कबीर नगर जनपद में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल श्री सर्व दवन सिंह ने आज 25 जून 2025 को थाना बखिरा में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में बखिरा थाना क्षेत्र के कई संभ्रांत व्यक्ति, ग्राम प्रधान और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी श्री सिंह ने सभी ताजियादारों से विशेष अपील करते हुए कहा कि ताजिया ले जाने की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट निर्धारित की गई है, जिसमें ट्राली, ठेला या व्यक्ति की ऊंचाई भी शामिल होगी। उन्होंने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ताजिया की ऊंचाई यथासंभव कम रखने का भी आग्रह किया।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने और इसे सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में थाना प्रभारी बखिरा श्री राकेश कुमार सिंह सहित समस्त अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हो, जिसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।