संतकबीरनगर- आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर संतकबीरनगर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आज मेंहदावल क्षेत्राधिकारी सर्व दवन सिंह ने थाना बखिरा में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों, ग्राम प्रधानों और अन्य गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। क्षेत्राधिकारी ने सभी ताजियादारों से अपील की कि ताजिए की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट निर्धारित की गई है, जिसमें ताजिया ले जाने वाले ट्रॉली, ठेला या व्यक्ति की ऊंचाई भी शामिल है। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से ताजिए की ऊंचाई यथासंभव कम रखने का भी आग्रह किया। सर्व दवन सिंह ने उपस्थित लोगों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की और स्पष्ट निर्देश दिए कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से एकजुट होकर त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने का भी आह्वान किया।

इस दौरान थाना प्रभारी बखिरा राकेश कुमार सिंह सहित समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।