संतकबीरनगर पुलिस को गोरखपुर जोन की 68वीं अंतर जनपदीय अनुसंधान एवं पुलिस फोटोग्राफी प्रतियोगिता – 2025 में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए आज पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह प्रतियोगिता पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवायें, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के निर्देशानुसार 02.07.2025 से 04.07.2025 तक जनपद गोरखपुर में आयोजित की गई थी। इसमें गोरखपुर जोन के कुल 09 जनपदों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में विधि विज्ञान लिखित, मोडिकोलीगल, अंगुली चिन्ह, भारतीय न्याय संहिता/भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता/भारतीय साक्ष्य अधिनियम लिखित, फोटोग्राफी, पैकिंग, लेबलिंग एवं फारवर्डिंग, हुलिया बयान, निरीक्षण घटनास्थल व व्यावसायिक फोटोग्राफी जैसी विभिन्न श्रेणियों में टीमें शामिल हुईं।
जनपद संतकबीरनगर की विजयी टीम में निरीक्षक श्री आलोक शोनी, उपनिरीक्षक कामेश्वर मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रदुम्न सिंह, हेड कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र जायसवाल, और कांस्टेबल राज नारायण प्रजापति शामिल थे।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अजय सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु अमित कुमार, पीआरओ पुलिस अधीक्षक उपनिरीक्षक दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस जीत से जनपद संतकबीरनगर पुलिस का मनोबल बढ़ा है और यह उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रमाण है।