संतकबीरनगर – रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर भी मिलावट का जहर घोलने वालों की अब खैर नहीं। जिलाधिकारी आलोक कुमार के कड़े निर्देशों के बाद खाद्य विभाग ने कमर कस ली है और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जोरदार अभियान छेड़ दिया है। सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 सतीश कुमार के नेतृत्व में आज खलीलाबाद तहसील में मिठाई की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। सबसे पहले टीम सेमरियांवा स्थित लखनऊ स्वीट्स एंड बेकर्स पहुंची। यहां से बूंदी, छेने की मिठाई और नमकीन के तीन सैंपल जब्त किए गए। इसके बाद टीम ने खलीलाबाद के राधे गोविंद मिष्ठान भंडार पर धावा बोला, जहां से खोआ, पनीर और बूंदी के लड्डू के तीन और सैंपल लिए गए। इस तरह कुल छह नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अब इन नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आते ही नियम के अनुसार दोषी मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की यह छापेमारी मिलावटखोरों के लिए एक साफ चेतावनी है कि अगर वे जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करेंगे तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल, बृजेश कुमार, सच्चिदानंद गुप्ता के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।